'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत डीआईजी पूनम ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

मीरजापुर में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत डीआईजी विन्ध्याचल परिक्षेत्र पूनम ने परिक्षेत्रीय कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और पौधों की देखभाल का संदेश दिया।
 

 

मीरजापुर। प्रदेश सरकार के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान एवं वृक्षारोपण महाअभियान के तहत सोमवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) विन्ध्याचल परिक्षेत्र पूनम ने परिक्षेत्रीय कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

डीआईजी पूनम ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी माँ के सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का प्रेरणादायक अभियान है।

उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम के दौरान परिक्षेत्रीय कार्यालय में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया।

डीआईजी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।