फर्जी फेसबुक आईडी से हुई साइबर ठगी के ₹10 हजार पीड़ित को वापस मिले

 

मीरजापुर। थाना पड़री पुलिस की साइबर सेल टीम ने फर्जी फेसबुक आईडी के जरिए हुई साइबर ठगी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के 10 हजार रुपये वापस दिलाए।

जानकारी के अनुसार ग्राम माधोपुर निवासी बबलू कुमार से 10 जून 2025 को उनके एक रिश्तेदार के नाम से बनाई गई फर्जी फेसबुक आईडी के माध्यम से पैसे की जरूरत बताकर 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए गए। बाद में रिश्तेदार से बातचीत करने पर पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी की है।

पीड़ित की शिकायत पर थाना पड़री में मामला दर्ज कर एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत पंजीकृत की गई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना पड़री साइबर सेल ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी राशि 10 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों एवं थाना पड़री साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया।

पुलिस ने पीड़ित को साइबर जागरूकता अभियान के तहत फर्जी सोशल मीडिया आईडी, ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष एवं उपनिरीक्षक प्रदीप सिंह, उपनिरीक्षक रामनगीना यादव, आरक्षी नीरज कुमार तथा महिला आरक्षी उमा देवी शामिल रहे।