मिर्जापुर में ₹40 करोड़ के आमघाट ओवरब्रिज का अप्रोच रोड 7 महीने में ध्वस्त, जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग
मिर्जापुर। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित आमघाट ओवरब्रिज का अप्रोच रोड निर्माण के महज सात महीने बाद ही ध्वस्त हो गया है। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
लोग मजबूरी में टूटी हुई सड़क से जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए इस ओवरब्रिज के अप्रोच रोड की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। उनका कहना है कि सड़क धंसने और टूटने के बाद भी स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई। केवल कर्मचारियों को भेजकर अस्थायी कार्यवाही की जा रही है, जिससे समस्या का समाधान नहीं हो रहा।
आमघाट ओवरब्रिज मिर्जापुर, वाराणसी, चुनार और अहरौरा को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन और राहगीर इस रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में अप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने संबंधित विभाग और सेतु निगम से जल्द से जल्द सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस मामले में सेतु निगम के सहायक अभियंता (AE) रियाज हुसैन ने बताया कि विभाग को अप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है। आवश्यक तकनीकी जांच के बाद जल्द ही मरम्मत कार्य कराया जाएगा ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।