UP TET-2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट! डीएम ने अधिकारियों व केंद्र व्यवस्थापकों को दिए सख्त निर्देश...

मिर्जापुर में आयोजित परीक्षा के लिए 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 7,392 अभ्यर्थी शामिल होंगे। नकल रोकने के लिए प्रशासन ने सीसीटीवी निगरानी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ता और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
 
मिर्ज़ापुर में 18 परीक्षा केंद्रों पर 7,392 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, नकल रोकने के लिए व्यापक इंतजाम...

मिर्ज़ापुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 (UP TET) को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस लाइन सभागार में संबंधित मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं प्रधानाचार्यों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद में कुल 7,392 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसके लिए 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें एक डिग्री कॉलेज, चार राजकीय विद्यालय तथा 13 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। परीक्षा 2 एवं 3 जुलाई को दोनों पालियों तथा 4 जुलाई को प्रथम पाली में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 12:00 बजे तथा दूसरी पाली 2:30 से 5:00 बजे तक होगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें और प्रत्येक अभ्यर्थी की गतिविधि कैमरे में स्पष्ट दिखाई दे। परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ आपात स्थिति के लिए जनरेटर की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाए तथा उनके मोबाइल व बैग सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम में रखवाए जाएं।

जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि जो अभ्यर्थी परीक्षा से एक दिन पहले जनपद पहुंच रहे हैं, उनके ठहरने की समुचित व्यवस्था निकटवर्ती विद्यालयों अथवा सुरक्षित स्थानों पर कराई जाए, ताकि उन्हें रेलवे स्टेशन या बस अड्डों पर रात न बितानी पड़े। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों को भी ऐसे अभ्यर्थियों को सुरक्षित ठहराव स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित सभी संबंधित अधिकारी, मजिस्ट्रेट एवं परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक उपस्थित रहे।