किन्नर की हत्या कर रेलवे ट्रैक किनारे फेंका था शव, आरोपी गिरफ्तार

 

मीरजापुर। पड़री थाना क्षेत्र के उसरहवा रेलवे ट्रैक के पास मिले किन्नर के शव मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को भदोही जनपद के औराई थाना क्षेत्र के घोसिया निवासी अरशलान पुत्र सत्तार खान ने अपने पिता सत्तार खान उर्फ हसीना (किन्नर) की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के पास फेंके जाने की आशंका जताते हुए नामजद तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पड़री थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए शुक्रवार को एसओजी/सर्विलांस और पड़री पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी सोनू विश्वकर्मा (25) निवासी चक जीवरानी, कोतवाली भदोही को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो (संख्या UP65QT2228) भी बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह सत्तार खान उर्फ हसीना के साथ रह रहा था, लेकिन उससे अलग होना चाहता था। आरोप है कि मृतक उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं था और ब्लैकमेल कर रहा था। इससे परेशान होकर उसने रामनगर बुलाकर पहले शराब पिलाई, फिर नशे की हालत में मारपीट करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को ऑटो में रखकर पड़री क्षेत्र के उसरहवा रेलवे ट्रैक के पास सुनसान स्थान पर सीमेंट की बाउंड्री के पीछे छिपा दिया तथा गले पर भारी पत्थर रख दिया, ताकि घटना दुर्घटना प्रतीत हो।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।