यूपी के इस जिले में भीषण गर्मी के चलते 23 मई तक स्कूल बंद, 44 डिग्री तापमान पर डीएम का बड़ा फैसला
मेरठ में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते असर को देखते हुए डीएम ने 23 मई तक प्री-प्राइमरी से कक्षा 10 तक सभी स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया है।
मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मेरठ में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए 23 मई तक स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी वीके सिंह ने प्री-प्राइमरी से कक्षा 10 तक सभी बोर्डों के विद्यालयों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
बुधवार को मेरठ सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। दोपहर के समय सड़कें और बाजार लगभग सुनसान नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार 25 मई से नौतपा शुरू होने के बाद गर्मी और बढ़ सकती है।
44 डिग्री पहुंचा तापमान
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला के अनुसार मेरठ में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया। एयर क्वालिटी इंडेक्स भी खराब श्रेणी में पहुंच गया। एमआईईटी कॉलेज क्षेत्र में AQI 354 रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी हवाओं और साफ आसमान के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दोपहर के समय चल रही लू से हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है।
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए फैसला
जिलाधिकारी वीके सिंह ने कहा कि छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने सभी स्कूल प्रबंधन और अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और पर्याप्त पानी पीते रहें।
पश्चिमी यूपी में गर्मी का कहर
मेरठ के साथ-साथ सहारनपुर, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली और बिजनौर में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। सहारनपुर में 12 साल का रिकॉर्ड टूट गया, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया।