इन्फ्लुएंसर हत्याकांड! पति समेत तीन पर हत्या का मुकदमा, प्लॉट विवाद समेत कई पहलुओं की चर्चा...
मेरठ। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए उनके पति समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को हर्रा कस्बे में निशा का अंतिम संस्कार कर दिया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे।
पति समेत तीन लोगों पर FIR दर्ज
मृतका के भाई अंकित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने पति प्रदीप चौहान, उसके चचेरे भाई विकास और रिश्तेदार राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि तीनों की भूमिका वारदात में रही और घटना से पहले प्रदीप को उकसाया गया।
प्लॉट और गेट विवाद बना वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच 137 गज के प्लॉट के बैनामे को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों का दावा है कि प्लॉट खरीदने में अधिकांश रकम निशा ने लगाई थी और वह उसे अपने नाम कराना चाहती थीं। इसके अलावा पड़ोसी से गली में गेट लगाने को लेकर भी लंबे समय से विवाद चल रहा था।
धारदार हथियार से हमला, बेटा भी घायल
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान प्रदीप ने कथित तौर पर धारदार हथियार से निशा पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उनके 17 वर्षीय बेटे देव को भी चोटें आईं। घटना के बाद प्रदीप ने खुद को भी घायल कर लिया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
भाई ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के भाई का आरोप है कि पड़ोसी विकास और राहुल ने गेट विवाद के दौरान प्रदीप को भड़काया। उनका कहना है कि घटना के बाद प्रदीप को खुद को घायल करने के लिए भी कहा गया, ताकि पूरे मामले को अलग रूप दिया जा सके। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
वीडियो बनाकर उठाती रही थीं आवाज
परिजनों के मुताबिक निशा चौहान पिछले काफी समय से गली के रास्ते और गेट विवाद को लेकर प्रशासन से शिकायत कर रही थीं। उन्होंने इस संबंध में कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किए थे और पुलिस व प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच
पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज और डीवीआर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।