मासूम दिव्यांश की दर्दनाक मौत: 42 जुल्मों के निशान, गाने-डांस की सजा बनी जानलेवा, आरोपी बोला - ‘10 दिन में बाहर आ जाऊंगा’
कानपुर के दिव्यांश हत्याकांड में आरोपी सौरभ मिश्रा की कैमरे पर दबंगई। मासूम के शरीर पर मिले 42 चोट के निशान। सपा प्रतिनिधिमंडल ने की बुलडोजर कार्रवाई की मांग। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
हैरान करने वाला खुलासा: 'वो गाना गाता था, डांस करता था... इसलिए मैंने उसे मार डाला', दिव्यांश के कातिल मामा का खौफनाक कबूलनामा
कानपुर। 11 साल के मासूम दिव्यांश की हत्या के मामले में आरोपी गुरुकुल संचालक और बच्चे के सगे मामा सौरभ मिश्रा उर्फ कन्हैया ने पुलिस के सामने जो खुलासे किए हैं, उसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। महज़ 6 दिन पहले जिस बच्चे को बेहतर भविष्य के लिए गुरुकुल भेजा गया था, उसे 'अनुशासन' के नाम पर ऐसी मौत दी गई जिसकी कल्पना भी मुमकिन नहीं।
"दिव्यांश की खुशमिजाजी से मुझे चिढ़ थी"
पूछताछ में सौरभ ने बताया कि दिव्यांश गुरुकुल की परंपराओं में ढल नहीं पा रहा था। वह कक्षा में शोर मचाता, गाना गाता और डांस करता था। सौरभ ने कबूला, "उसकी शरारत देख दूसरे बच्चे भी उसके जैसे होने लगे थे, जिससे मुझे उससे चिढ़ होने लगी थी। मैंने उसे सुधारने के लिए नहीं, बल्कि अपनी चिढ़ मिटाने के लिए पीटना शुरू किया।"
बर्बरता की इंतहा: धूप में नंगे पैर और भूखा प्यासा
पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज और आरोपी के बयान के अनुसार, दिव्यांश के साथ पिछले 3 दिनों से हैवानियत की जा रही थी:
धूप में सजा: मासूम को भरी दोपहर में नंगे बदन और नंगे पैर घंटों छत पर खड़ा रखा जाता था।
भूख से तड़पाया: जब सब बच्चे मेस में खाना खाते थे, दिव्यांश को कोने में भूखा बैठाकर रुलाया जाता था। एक फुटेज में वह साथियों का जूठा खाना खाता दिखा, तो आरोपी ने बाल पकड़कर उसे बेरहमी से घसीटा।
कत्ल की रात: मंगलवार रात सौरभ ने उसे थप्पड़, बेल्ट और डंडों से इतना पीटा कि उसका सिर दीवार से जा टकराया। बेहोश होने के बाद भी उस पर घूंसे बरसाए गए।
अनुशासन के नाम पर 'हैवानियत'
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे रूह कंपा देने वाले हैं। मासूम दिव्यांश के शरीर पर 42 से अधिक चोट के निशान पाए गए हैं। उसे निर्वस्त्र कर डंडों से पीटा गया और सिगरेट से दागा गया था। आरोपी ने इसे 'अनुशासन सिखाने का तरीका' बताया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से तोड़े गए सीसीटीवी कैमरे, डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) और हत्या में इस्तेमाल डंडा बरामद कर लिया है।
"किडनी निकाल कर बेच देंगे": सहमे हुए हैं साथी बच्च
गुरुकुल के अन्य बच्चे इस घटना के बाद बुरी तरह डरे हुए हैं। एक बच्चे ने खुलासा किया कि आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि "अगर किसी को कुछ बताया तो तुम्हारी किडनी निकालकर बेच देंगे।" फिलहाल बच्चे व्हाट्सएप के जरिए एक-दूसरे का हाल जान रहे हैं और डरे हुए हैं।
सपा प्रतिनिधिमंडल ने की बुलडोजर कार्रवाई की मांग
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल (अमिताभ बाजपेई, नसीम सोलंकी आदि) पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। विधायकों ने योगी सरकार के 'जीरो टॉलरेंस' पर सवाल उठाते हुए मांग की कि:
आरोपी के गुरुकुल पर बुलडोजर चलाया जाए। फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाकर दोषियों को फांसी या कड़ी सजा दी जाए। पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जाए।
गर्लफ्रेंड ने मिटाए सबूत, कार बुक कर फेंकी लाश
हत्या के बाद आरोपी की गर्लफ्रेंड हर्षिता सोनी ने मास्टरमाइंड की भूमिका निभाई। उसने गुरुकुल के सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर (DVR) तोड़ने की कोशिश की। डरे हुए अन्य बच्चों को उनके घर भेज दिया ताकि कोई गवाह न बचे। कार बुक करवाकर दिव्यांश की लाश को उसके घर (गौरिया गांव) के बाहर फिंकवाने में मदद की।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने कहा: "आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। साक्ष्य मिटाने के आरोप में उसकी गर्लफ्रेंड को भी गिरफ्तार किया गया है। हमारे पास ठोस सीसीटीवी फुटेज हैं जो इस बर्बरता की पुष्टि करते हैं।"