पत्रकारिता लोकतंत्र की जीवनरेखा, मीडिया की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण- उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

 

आगरा। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की जीवनरेखा है और मीडिया लोकतंत्र का वह सशक्त स्तंभ है, जो सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत और जीवंत रह सकता है, जब उसके सभी स्तंभ निष्पक्षता, स्वतंत्रता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

उप मुख्यमंत्री रविवार को आगरा में आयोजित नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) के राष्ट्रीय सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, समाज के प्रति जिम्मेदारी

अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने देशभर से आए पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकार दिन-रात मेहनत कर जनभावनाओं को अभिव्यक्ति देते हैं, समाज को जागरूक बनाते हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि मीडिया की कलम में अपार शक्ति होती है। यदि कहीं कोई कमी या समस्या होती है तो पत्रकार उसे जनता और सरकार के सामने लाते हैं। वहीं जनहित में किए गए सकारात्मक कार्यों को भी समाज तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

भारत तेजी से बढ़ रहा विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था की ओर

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने "वन नेशन-वन इलेक्शन" की अवधारणा का समर्थन करते हुए कहा कि इससे संसाधनों की बचत होगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी और आम नागरिक भी इस विचार का व्यापक समर्थन कर रहे हैं। भारत आज वैश्विक चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर रहा है और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

आत्मनिर्भर भारत से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि रक्षा उत्पादन, ऊर्जा सुरक्षा, तकनीकी विकास और औद्योगिक क्षेत्रों में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं और देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व के अनेक देशों द्वारा दिए गए सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण हैं। यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री का नहीं बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान है।

सोशल मीडिया के दौर में बढ़ी जिम्मेदारी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म ने अभिव्यक्ति के नए अवसर प्रदान किए हैं, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। पत्रकारिता को तथ्यों, निष्पक्षता और राष्ट्रहित के मूल्यों के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पत्रकारों से जुड़े विषयों और उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी, राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप तिवारी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अरविंद सिंह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक प्रमोद गोस्वामी, प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे, प्रदेश महामंत्री द्विजेंद्र शर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष अरुण कुमार अवस्थी सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर आशु रानी, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, शिक्षाविद्, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पत्रकार कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री ने अंत में पत्रकारों से लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए अपनी रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।