यूपी में भीषण गर्मी की वापसी, कई जिलों में लू चलने के आसार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम में बने उतार-चढ़ाव के बाद अब एक बार फिर भीषण गर्मी लौटने जा रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश जिलों में आगामी दिनों में तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि और लू चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार से प्रदेश में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ना शुरू हो गया है। 9 जून से 11 जून के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की प्रबल संभावना है। अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
शनिवार को बुंदेलखंड और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिला। वहीं पूर्वांचल और तराई क्षेत्र के कुछ जिलों में सुबह के समय बादलों की आवाजाही तथा तेज हवाएं चलीं, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिली।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी दिनों में प्रदेश का मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। बारिश की संभावना कम होने के कारण दिन के तापमान में लगातार वृद्धि होगी और गर्मी का असर और अधिक बढ़ेगा।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि बढ़ती गर्मी और लू का असर इन वर्गों पर अधिक पड़ सकता है।