गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव: नामांकन प्रक्रिया जारी, 6 अक्टूबर आखिरी तारीख

 

 

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। शनिवार को डॉ. शरदेंदु कुमार त्रिपाठी ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने मंडलायुक्त न्यायालय पहुंचकर रिटर्निंग अफसर एवं मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।

 

नामांकन को लेकर मंडलायुक्त न्यायालय परिसर में प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान सहायक रिटर्निंग अफसर एवं अपर आयुक्त प्रशासन जय प्रकाश, अपर आयुक्त अजय राय और अपर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव मौजूद रहे। अधिकारियों की देखरेख में नामांकन से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई गई।

 

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन अलर्ट रहा। नोडल अधिकारी एवं एसपी क्राइम अयोध्या प्रसाद सिंह तथा नोडल अधिकारी एवं एसीएम पवन कुमार जायसवाल ने मौके पर व्यवस्थाओं की निगरानी की। न्यायालय परिसर और आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात रहा।

 

नामांकन स्थल पर एलआईयू और इंटेलिजेंस टीम भी सक्रिय रही। अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी। उप जिलाधिकारी आरती शाहू ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

6 अक्टूबर तक नामांकन का मौका

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। इसके बाद 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 9 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी।