308 पहियों वाले महाकाय ट्रांसपोर्टर ने खींचा लोगों का ध्यान
मोहनिया। करीब 180 टन वजनी विशाल वेसल को लेकर 308 पहियों वाला महाकाय ट्रांसपोर्टर इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सड़क से गुजरते इस विशाल वाहन को देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ जुट रही है। कई लोगों ने इसके वीडियो और रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए हैं, जो वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, विशाल वेसल बेल्जियम से समुद्री मार्ग के जरिए ओडिशा पहुंचा था। वहां से इसे विशेष मल्टी-एक्सल ट्रांसपोर्टर के माध्यम से झारखंड और बिहार होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा में लाया गया है। करीब 308 पहियों वाले इस महाकाय ट्रांसपोर्टर को मोहनिया टोल प्लाजा से होकर यूपी-बिहार बॉर्डर की ओर ले जाया जा रहा है।
विशाल आकार और अधिक वजन के कारण इसके सुरक्षित आवागमन को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से भी सतर्कता बरती जा रही है। मार्ग में आने वाले संभावित अवरोधों को हटाने और ट्रांसपोर्टर के सुरक्षित गुजरने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि यह विशाल वेसल बलरामपुर में प्रस्तावित एक औद्योगिक इकाई के लिए भेजा जा रहा है। प्रस्तावित इकाई में बायो-प्लास्टिक का उत्पादन किया जाना है। महाकाय ट्रांसपोर्टर के सड़क से गुजरने के दौरान इसकी विशालता देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।