मंडल रेल प्रबंधक ने किया बलिया रेलवे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण

 

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने शनिवार को बलिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां चल रहे पुनर्विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परियोजना निगरानी समूह (पीएमजी) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान भारत सरकार के परियोजना निगरानी समूह के प्रबंधक श्वेतांक सिन्हा, एसोसिएट पीएमजी पारुल श्रीवास्तव सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

डीआरएम ने स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों के तहत 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया के विकास, यात्री प्रतीक्षालय के उन्नयन, महिला, पुरुष एवं दिव्यांग शौचालयों, वीआईपी कक्ष, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग स्थल तथा सेकंड एंट्री सर्कुलेटिंग एरिया के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में स्टेशन आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार, प्लेटफॉर्म विकास, स्वच्छता व्यवस्था, विद्युत एवं सिग्नल संबंधी कार्यों सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने अब तक किए गए कार्यों और शेष कार्यों की स्थिति से अवगत कराया।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पुनर्विकास परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करना प्राथमिकता है।

उन्होंने निर्माण कार्यों में आने वाली संभावित बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा परियोजनाओं की नियमित निगरानी एवं समीक्षा करते रहने पर भी जोर दिया। डीआरएम ने कहा कि कार्यों की गति और गुणवत्ता दोनों बनाए रखना आवश्यक है, ताकि बलिया रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेशन के रूप में विकसित किया जा सके।