सुबह की हवा में घुली ठंडक, पूर्वांचल में गुलाबी ठंड की दस्तक

 कुहासे ने दी सर्दी की दस्तक, अक्टूबर से बढ़ेगी गुलाबी ठंड की ठिठुरन
 
पूर्वांचल में बदलने लगा मौसम का मिजाज, सुबह के कुहासे ने दी गुलाबी ठंड की दस्तक

वाराणसी। सितंबर का दूसरा पखवाड़ा शुरू होते ही पूर्वांचल के मौसम में बदलाव के संकेत दिखाई देने लगे हैं। कई जिलों में सुबह के समय हल्का कुहासा नजर आने लगा है। हालांकि धूप निकलने के साथ ही कुहासा छंट जा रहा है और दिन में गर्मी का असर अभी बना हुआ है। मौसम के इस बदलाव को गुलाबी ठंड की शुरुआती आहट के रूप में देखा जा रहा है।

पिछले दो दिनों से वाराणसी समेत पूर्वांचल के कुछ इलाकों में सुबह के समय हल्का कुहासा देखने को मिल रहा है। इसका प्रभाव विशेष रूप से नदी और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के साथ निचले एवं नम इलाकों में अधिक दिखाई दे रहा है। सुबह कुछ देर तक वातावरण में धुंध जैसा असर रहने के बाद सूरज निकलने पर यह धीरे-धीरे समाप्त हो जा रहा है।

इस वर्ष मानसून के दौरान हुई अच्छी बारिश के कारण जमीन और वातावरण में नमी बनी हुई है। ऐसे में रात के तापमान में धीरे-धीरे कमी आने और सुबह के समय नमी के असर से कुहासा बनने की स्थितियां बढ़ सकती हैं। हालांकि अभी इसे कोहरे का दौर कहना जल्दबाजी होगी। आने वाले दिनों में तापमान और स्थानीय मौसम की परिस्थितियों के आधार पर इसकी तीव्रता में बदलाव हो सकता है।

पूर्वांचल के सोनभद्र, मऊ, बलिया, वाराणसी और गाजीपुर के ग्रामीण, आंचलिक और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुबह के समय कुहासे का असर अपेक्षाकृत पहले दिखाई देने लगा है। पहाड़ी और निचले इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। फिलहाल कुहासा कुछ समय के लिए ही दिखाई दे रहा है, लेकिन मौसम में लगातार बदलाव के साथ सुबह की ठंडक बढ़ने की संभावना है।

मौसम के जानकारों के अनुसार सितंबर के अंत और अक्टूबर में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के साथ सुबह-शाम ठंडक बढ़ सकती है। मध्य अक्टूबर के बाद गुलाबी ठंड का असर अधिक स्पष्ट होने की संभावना रहती है। वहीं नवंबर के दौरान पूर्वांचल में कोहरे का प्रभाव बढ़ने लगता है। इस दौरान रात और सुबह के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर भी क्रमशः बढ़ेगा।

मौसम में बदलाव का असर अब लोगों की दिनचर्या पर भी दिखने लगा है। कई घरों में एसी और कूलर का इस्तेमाल कम होने लगा है, जबकि पंखे की गति भी पहले की अपेक्षा धीमी की जा रही है। हालांकि दोपहर में धूप अभी भी गर्मी का अहसास करा रही है।

इस सप्ताह पूर्वांचल में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने पर सुबह और रात की ठंडक बढ़ सकती है। न्यूनतम तापमान के 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने के बाद गुलाबी ठंड का असर अधिक स्पष्ट रूप से महसूस होने लगेगा।