CM योगी की दो टूक! ड्यूटी पर रील बनाने वाले पुलिसकर्मी रहें सावधान, अनुशासन से नहीं होगा समझौता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है, न कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करना।

 
CM योगी की दो टूक! ड्यूटी पर रील नहीं, जनता की सुरक्षा पर दें ध्यान...

 

 


लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों को कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट कहा है कि पुलिस की वर्दी जिम्मेदारी का प्रतीक है, मनोरंजन का माध्यम नहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी के समय रील बनाना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है और इससे विभाग की छवि प्रभावित होती है।

 

बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित 930 कंप्यूटर ऑपरेटर (ग्रेड-ए) अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने पुलिस बल के सभी कर्मियों से अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर और जिम्मेदार रहने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया का प्रभाव तेजी से बढ़ा है, लेकिन पुलिसकर्मियों को यह ध्यान रखना होगा कि उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी कानून व्यवस्था बनाए रखना और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान रील या अन्य सोशल मीडिया गतिविधियों में लिप्त रहना कर्तव्य से ध्यान भटकाने वाला व्यवहार है।

तकनीक से सशक्त होगी पुलिस व्यवस्था

नवनियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटरों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें "डिजिटल वॉरियर" बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है और नई पीढ़ी के कर्मियों को साइबर सुरक्षा, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधुनिक तकनीकी प्रणालियों की बेहतर समझ विकसित करनी होगी।

भर्ती प्रक्रिया पर भी दिया बड़ा बयान

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पुलिस भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भेदभावमुक्त बनाया है। उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में विभिन्न चरणों में लगभग 2.15 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती की जा चुकी है, जिससे प्रदेश की कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है।

हर कर्मचारी की जिम्मेदारी अहम

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सकारात्मक छवि केवल सरकार या वरिष्ठ अधिकारियों के प्रयासों से नहीं बनेगी, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी और अधिकारी की कार्यशैली एवं ईमानदारी से बनेगी। उन्होंने सभी कर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और जनता के विश्वास को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्ण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।