चंदौली में ग्राम प्रधान संजय सिंह का बड़ा ऐलान, 23 अगस्त को मुगलसराय में होगी क्षत्रिय महापंचायत

 चंदौली में ग्राम प्रधान संजय सिंह ने प्रेस वार्ता कर 23 अगस्त को मुगलसराय में क्षत्रिय महापंचायत आयोजित करने की घोषणा की। साथ ही रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव, बस स्टैंड, पॉलिटेक्निक कॉलेज और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दे उठाए।
 

चंदौली। जनपद चंदौली में ग्राम प्रधान संजय सिंह ने अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए शासन और जनप्रतिनिधियों से समाधान की मांग की। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 23 अगस्त (रविवार) को मुगलसराय स्थित एक निजी लॉन में क्षत्रिय महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से समाज के प्रमुख प्रतिनिधि और नेता शामिल होंगे।

संजय सिंह ने बताया कि महापंचायत में आरक्षण से जुड़े विषयों सहित समाज और क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज को एक मंच पर लाकर महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करना है।

प्रेस वार्ता में उन्होंने मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि कोरोना काल से पहले कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का स्टेशन पर ठहराव होता था,

लेकिन वर्तमान में अधिकांश ट्रेनों का स्टॉपेज समाप्त होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से ट्रेनों के ठहराव को दोबारा बहाल करने की मांग की।

संजय सिंह ने क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए कई वादे अब तक पूरे नहीं हो सके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बस स्टैंड निर्माण सहित कई विकास परियोजनाएं अधूरी पड़ी हैं।

साथ ही जिला मुख्यालय स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के जर्जर भवन की ओर भी ध्यान आकर्षित करते हुए इसके शीघ्र जीर्णोद्धार और बुनियादी सुविधाओं के विकास की मांग की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष पर टिप्पणी करना नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को शासन और प्रशासन तक पहुंचाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई होगी।