डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में युवक की गोली मारकर हत्या, शव ट्रेन से फेंका

 
 

चंदौली। डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चलती ट्रेन में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर शव को ट्रेन से नीचे फेंककर फरार हो गया। घटना डीडीयू मंडल के कुछमन और सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बीच की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर ने युवक के सिर में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को ट्रेन से नीचे फेंक दिया। बताया जा रहा है कि सकलडीहा स्टेशन के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर आरोपी दो पिट्ठू बैग लेकर ट्रेन से उतर गया और फरार हो गया।

घटना की जानकारी ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही अलीनगर, चंदौली, सकलडीहा थाना पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

जीआरपी डीडीयू मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस आसपास के रेलवे स्टेशनों और संदिग्ध ठिकानों पर जांच कर रही है। घटना के बाद रेल यात्रियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।