चंदौली में फर्जी दस्तावेज के साथ युवक गिरफ्तार, खुद को बताता था RAW एजेंट

 

चंदौली। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली चंदौली पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों और मोबाइल फोन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी पहचान बनाकर लोगों को गुमराह करता था।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चल रही सघन चेकिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। दिनांक 25 मार्च 2026 को संदिग्ध व्यक्ति/वस्तु की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक निमंत्रण पत्र, दो कूटरचित छाया प्रतियां तथा एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने ये फर्जी दस्तावेज अपने मोबाइल में ChatGPT की मदद से तैयार किए थे।

गिरफ्तार युवक की पहचान रूपेश उपाध्याय (22 वर्ष) पुत्र अम्बरीष उपाध्याय, निवासी हेतमपुर, थाना धानापुर, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। अभियुक्त ने बताया कि वह इन फर्जी दस्तावेजों के जरिए खुद को कभी RAW एजेंट तो कभी असिस्टेंट कमांडेंट बताकर लोगों पर प्रभाव जमाता था और निजी लाभ उठाता था।

पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना कोतवाली चंदौली में मु0अ0सं0 0122/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(4), 340(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि अभियुक्त ने अब तक किन-किन लोगों को इस तरह से ठगा या प्रभावित किया है।