खाना बनाने को लेकर हुए विवाद में पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

 
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर खाना बनाने को लेकर हुए विवाद के दौरान अपनी पत्नी की पिटाई कर हत्या करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को धानापुर थाना क्षेत्र के ग्राम ओडौला स्थित एक ईंट भट्टे पर मजदूरी करने वाले विनोद मांझी (55) का अपनी पत्नी फुलवा देवी से खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर विनोद ने पत्नी को ईंट भट्टे पर पटक दिया और मारपीट की। गंभीर चोट लगने से फुलवा देवी की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस संबंध में धानापुर थाने पर मु.अ.सं. 86/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सकलडीहा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम ओड़ला में कूड़ा घर के पास दैत्रा बाबा के पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर मौजूद है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी विनोद मांझी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन, कांस्टेबल इंद्रजीत यादव, कांस्टेबल योगेश सिंह तथा कांस्टेबल अमन पटेल शामिल रहे। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।