डंपर पलटा तो हाईवे पर बिखरी बालू, घंटों जाम में फंसे वाहन
चंदौली। बरहनी विकासखंड क्षेत्र के भदखरी गांव के समीप नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात बालू लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद डंपर में लदी बालू सड़क पर फैल गई, जिससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सड़क पर फैली बालू और दुर्घटनाग्रस्त डंपर को हटवाने की कार्रवाई शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद मार्ग को साफ कर यातायात व्यवस्था बहाल कराई जा सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर के पलटने के बाद अचानक सड़क पर बालू फैल जाने से आवागमन प्रभावित हुआ। गनीमत रही कि हादसे में डंपर चालक और खलासी बाल-बाल बच गए। घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार, डंपर के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के चलते कई घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।