पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: हरिपाल में BJP की जीत, मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल की रणनीति रही अहम

 
 चंदौली/मुगलसराय। चंदौली के मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में हुगली जिले की हरिपाल विधानसभा का प्रभारी बनाया गया था, जहां उनकी रणनीति और लगातार मेहनत का असर चुनाव परिणामों में साफ देखने को मिला। चुनाव नतीजों में हरिपाल विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को 5960 मतों से जीत हासिल हुई, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

विधायक रमेश जायसवाल ने चुनाव के दौरान दिन-रात मेहनत करते हुए संगठन को मजबूत किया और बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाई। बताया जा रहा है कि जिस भी राज्य में वे चुनाव प्रभारी के रूप में गए हैं, वहां पार्टी को सफलता मिली है। इससे पहले मध्य प्रदेश, दिल्ली, बिहार और महाराष्ट्र में भी उनके नेतृत्व में पार्टी को बेहतर परिणाम हासिल हुए थे।

चुनाव परिणाम आने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी रमेश जायसवाल को बधाई दी। पार्टी नेतृत्व की ओर से उनके कार्य की सराहना करते हुए इसे संगठन की मजबूती का परिणाम बताया गया। वहीं विधायक रमेश जायसवाल ने हरिपाल विधानसभा के सभी कार्यकर्ताओं को जीत की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है।