चंदौली में शोक की लहर! वरिष्ठ पत्रकार सुनील विश्राम की पत्नी जानकी देवी का निधन

 

चंदौली में वरिष्ठ पत्रकार सुनील विश्राम की पत्नी का निधन, ट्रेन यात्रा के दौरान बिगड़ी तबीयत

 चंदौली। चंदौली जिले के सैयदराजा क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर सानी गांव निवासी वरिष्ठ पत्रकार सुनील विश्राम की पत्नी जानकी देवी (42) का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और शुभचिंतकों का घर पर तांता लग गया।

जानकारी के अनुसार जानकी देवी पिछले करीब दो वर्षों से ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित थीं और मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि वह 29 मई को अपनी शादी की सालगिरह मनाने के लिए घर लौट रही थीं। इसी दौरान रविवार रात ट्रेन यात्रा के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

सहयात्रियों ने तत्काल इसकी सूचना ट्रेन के टीटीई को दी। ट्रेन के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचने पर रेलवे चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतका अपने पीछे दो पुत्र चिराग और अनिरुद्ध को छोड़ गई हैं। सोमवार दोपहर बलुआ गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां पति वरिष्ठ पत्रकार सुनील विश्राम ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार, ग्रामीण और शुभचिंतक मौजूद रहे।

वरिष्ठ पत्रकार सुनील विश्राम ने आरोप लगाया कि ट्रेन संख्या 12141 पाटलिपुत्र सुपरफास्ट एक्सप्रेस में इटारसी से आगे बढ़ने के बाद एसी खराब हो गया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने रेलवे अधिकारियों को इसकी जानकारी भी दी थी, लेकिन समय रहते कोई समाधान नहीं किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि एसी खराब होने और दम घुटने की वजह से उनकी पत्नी की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई।

अंतिम संस्कार के दौरान प्रगतिशील किसान अनिल मौर्य, रामबिलास मौर्य, पिंटू यादव, मुकेश मौर्य, पत्रकार अशोक जायसवाल, पूर्व प्रधान सिद्ध प्रकाश मौर्य, लालू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।