धानापुर में सड़क-नाली के लिए ग्रामीणों की भूख हड़ताल, मांग पूरी होने तक आंदोलन की चेतावनी
चंदौली। धानापुर ब्लॉक के वर्दीसंडा पश्चिम बस्ती में नाली और सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 20 वर्षों से गांव में विकास कार्य नहीं कराए गए हैं। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।
दिवाकर रावण के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन को पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने भी समर्थन दिया है। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
भूख हड़ताल पर बैठीं कंचन देवी ने बताया कि गांव के रास्तों की स्थिति बेहद खराब है। हालत यह है कि किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने पर उसे चारपाई पर लादकर करीब एक किलोमीटर दूर तक ले जाना पड़ता है। नाली और खड़ंजा जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन सहित अन्य दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के आंदोलन को समाप्त कराने के लिए रविवार रात तहसीलदार मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और भूख हड़ताल समाप्त करने से इनकार कर दिया।
इस आंदोलन में कंचन देवी, मालती देवी, परमशिला देवी, सुनीता देवी, दिवाकर रावण समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक गांव में नाली और सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव की समस्याओं का संज्ञान लेकर जल्द समाधान कराने की मांग की है।