मंदिर में तोड़फोड़ से ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

प्रतिमा खंडित कर मंदिर में तोड़फोड़, मैनपुर में मचा हड़कंप
 
 शराब के नशे में मंदिर में तोड़फोड़, पुलिस ने आरोपी पर कसा शिकंजा

चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के मैनपुर गांव स्थित एक मंदिर में अराजक तत्व द्वारा तोड़फोड़ किए जाने और प्रतिमा खंडित होने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की।

बताया गया कि मंदिर में ईंट-पत्थर से तोड़फोड़ की गई, जिससे वहां स्थापित प्रतिमा खंडित हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल भी बन गया।

पीडीडीयू नगर क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मंदिर में तोड़फोड़ करने वाला व्यक्ति उसी गांव का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में उसके शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।