मैनाताली-गल्ला मंडी रोड पर घटिया निर्माण को लेकर हंगामा, लोगों ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

 

चंदौली। पीडीडीयू नगर के मैनाताली से गल्ला मंडी जाने वाले मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। निर्माण में अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन किया और काम को तत्काल रुकवा दिया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि सड़क निर्माण तय मानकों के अनुसार नहीं किया जा रहा है। ठेकेदार पर गुणवत्ता से समझौता करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने कहा कि इस तरह बनी सड़क जल्द ही खराब हो जाएगी।

आक्रोशित लोगों ने मौके पर जमकर हंगामा किया, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विरोध बढ़ता देख ठेकेदार काम छोड़कर मौके से चला गया।

सूचना मिलने पर क्षेत्र के सभासद राजेश जायसवाल मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ कराया जाएगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।

सभासद के आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और स्थिति सामान्य हो गई। हालांकि, नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाए ताकि भविष्य में ऐसी समस्या न हो।