बारिश में अंडरपास बना मुसीबत, जलभराव से राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी
चंदौली। सदर विकास खंड के बिछिया गांव स्थित रेलवे अंडरपास में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अंडरपास में पानी भरने से लोगों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या कई वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
बारिश के बाद अंडरपास में काफी मात्रा में पानी जमा हो जाता है। पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लगने से दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है। कई बार वाहन पानी में फंसने का खतरा भी बना रहता है। पैदल राहगीरों के लिए भी अंडरपास से गुजरना मुश्किल हो जाता है। चारपहिया वाहन चालकों को भी जलभराव के बीच से निकलने में दिक्कत होती है।
यह अंडरपास आसपास के कई गांवों और बाजारों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित है। केशवपुर, कोरड़िया, सदलपुरा, ताराजीवनपुर, सकलडीहा, भोजपुर, बर्थरा और फगुइया समेत कई क्षेत्रों के लोग प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन करते हैं।
अंडरपास के दूसरी ओर स्थित बिहारी गैस एजेंसी के गोदाम पर भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में जलभराव के कारण आम लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास में पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बरसात के मौसम में समस्या उत्पन्न होती है। रेलवे प्रशासन को कई बार इसकी जानकारी दिए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीण अशोक कुमार तिवारी, संतोष मौर्य, दिनेश यादव, कलामुद्दीन, शेखर, आशुतोष, प्रवीण कुमार, महेंद्र यादव, असगर अली, जितेंद्र सिंह और कल्लू पासवान आदि ने रेलवे प्रशासन से अंडरपास में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने और जलभराव की समस्या दूर करने की मांग की है।