धानापुर चौराहे पर वर्चस्व को लेकर भिड़े दो पक्ष, मारपीट और असलहा लहराने के आरोप से मचा हड़कंप

 
 पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लाकर शुरू की पूछताछ, आरोपितों की तलाश में टीम गठित

चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के चौराहे के पास रविवार शाम किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। घटना को वर्चस्व से जोड़कर देखा जा रहा है। खुलेआम मारपीट होने से कुछ देर के लिए चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया।

सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले आई। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। वहीं मारपीट में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में मेढ़वा गांव निवासी आलोक सिंह ने आरोप लगाया है कि वह अपने सहयोगी अमन के साथ कविता स्वीट हाउस के पास चाय पी रहे थे। इसी दौरान वीर बहादुर सिंह और राजबीर सिंह, निवासी अमादपुर, वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। प्रार्थना पत्र में असलहा लहराने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और दोनों पक्षों को थाने लाकर पूछताछ की गई।

धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। मारपीट करने वाले व्यक्ति की तलाश के लिए टीम लगाई गई है और जल्द ही उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।