मुहर्रम जुलूस के दौरान पखनपुरा गांव में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, तलवारबाजी में दो गंभीर घायल
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के पखनपुरा गांव में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच तलवारबाजी व मारपीट शुरू हो गई। घटना में एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ताजिया जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार चलने लगे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही शहाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला अस्पताल के आकस्मिक चिकित्सक डॉ. अजय वर्मा ने घायलों के उपचार की पुष्टि की। वहीं घायल अब्दुल हकीम और उनके तीमारदार वाहिद जहान ने भी घटना के संबंध में अपनी जानकारी साझा की। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।