बिहार में खपाने के लिए ले जा रहे थे शराब, कंदवा में ट्रक समेत चालक गिरफ्तार

कंदवा में शराब तस्करी का भंडाफोड़, ट्रक से 1354.8 लीटर शराब-बीयर बरामद
 

चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र में स्वाट, सर्विलांस टीम और थाना कंदवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 12 चक्का ट्रक से 147 पेटी अवैध अंग्रेजी व देशी शराब तथा बीयर बरामद की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा 1354.8 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। शराब को ट्रक के डाले में लोहे की चादर से बनाए गए विशेष चैंबर में छिपाकर बिहार ले जाने की तैयारी थी।

पुलिस के अनुसार 14 सितंबर 2026 की रात करीब 2:18 बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कंदवा थाना के सामने बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कंदवा की ओर से आ रहे 12 चक्का ट्रक संख्या UP60BT9648 का चालक वाहनों की कतार से हटकर ट्रक को यू-टर्न लेकर भागाने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम रिंकू चौहान (38) पुत्र कदम चौहान, निवासी ग्राम हिनौता, थाना अहरौरा, जनपद मिर्जापुर बताया। ट्रक के डाले की तलाशी लेने पर लोहे की चादर के नीचे बनाए गए विशेष चैंबर में छिपाकर रखी गई 147 पेटी शराब और बीयर बरामद हुई।

बरामद शराब में एक पेटी ब्लेंडर प्राइड अंग्रेजी शराब, 45 पेटी 8 पीएम अंग्रेजी शराब, 16 पेटी किंगफिशर एक्सट्रा स्पेशल स्ट्रांग बीयर और 85 पेटी ब्ल्यू लाइम देशी शराब मसाला शामिल है। पुलिस के मुताबिक कुल बरामदगी 1354.8 लीटर है।

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने कथित तौर पर बताया कि बिहार में शराबबंदी के कारण कंदवा क्षेत्र की शराब दुकानों से शराब खरीदकर उसे ट्रक के विशेष चैंबर में छिपाया जाता था। इसके बाद शराब को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। पुलिस के अनुसार इस काम में ट्रक मालिक और शराब दुकानों के सेल्समैन की भी भूमिका बताई गई है। हालांकि मामले में पुलिस की जांच जारी है।

ई-चालान ऐप से वाहन की जांच में ट्रक के पंजीकृत चेसिस और इंजन नंबर का भौतिक सत्यापन से मिलान हुआ। वाहन स्वामी के रूप में हरिशंकर यादव पुत्र दीपन यादव, निवासी डुमरी, थाना फेफना, जनपद बलिया का नाम सामने आया। पुलिस ने ट्रक को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया।

मामले में थाना कंदवा में मु.अ.सं. 77/2026 के तहत धारा 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मौके से 1,000 रुपये नकद और एक की-पैड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

कार्रवाई में थाना कंदवा के थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल, उपनिरीक्षक कमलेश कुमार समेत पुलिसकर्मी तथा स्वाट और सर्विलांस टीम के प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।