मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत चंदौली में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

चंदौली: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से जुड़ रहे युवा, कार्यशाला में दी गई आवेदन प्रक्रिया की जानकारी

 
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना को लेकर जागरूकता अभियान, चंदौली में युवाओं ने लिया भाग

चंदौली/बरहनी। जनपद चंदौली के विकास खंड बरहनी परिसर में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को स्वरोजगार एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना रहा।

कार्यशाला के दौरान अधिकारियों द्वारा युवाओं को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 1468 लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित किया गया। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बैंकों को 668 आवेदन प्रेषित किए गए हैं, जिनमें से 118 आवेदन स्वीकृत हुए तथा 87 लाभार्थियों को ऋण वितरण भी किया जा चुका है।

अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा 8 उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। आवेदन हेतु आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, पैन कार्ड, नोटरी युक्त 10 रुपये का स्टाम्प तथा किसी मान्यता प्राप्त संस्था से प्राप्त कौशल प्रशिक्षण प्रमाण पत्र आवश्यक बताए गए।

युवाओं को यह भी बताया गया कि योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है और इच्छुक अभ्यर्थी एमएसएमई विभाग की वेबसाइट msme.up.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी बरहनी शरद चंद्र शुक्ल, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) प्रेमचंद भारती, अपर शासकीय अधिकारी जोगेंद्र कुमार सिंह, वीरेंद्र विश्वकर्मा (सीएम युवा फेलो) सहित अन्य कर्मचारी एवं ग्रामीण क्षेत्र के युवा उपस्थित रहे।