पीडीडीयू नगर में दर्दनाक घटना! मां ने ढाई साल के मासूम संग फंदे से लगाई छलांग, दोनों की मौत
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हनुमानपुर इलाके में शुक्रवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां एक 23 वर्षीय महिला ने अपने करीब ढाई वर्षीय बेटे के साथ कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी उस समय हुई जब महिला का पति बच्चे के लिए आम का जूस लेकर घर लौटा। कमरे की खिड़की से अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, हनुमानपुर निवासी मुन्नूलाल पटेल के परिवार में उनका पुत्र अजय कुमार पटेल, बहू प्रिया पटेल (23) और ढाई वर्षीय पुत्र युवराज रहते थे। अजय के अनुसार, परिवार के अन्य सदस्य खेती के कार्य से गांव गए हुए थे, जबकि प्रिया एक दिन पहले ही अपने मायके मिर्जापुर से घर लौटी थी ताकि परिवार की देखभाल कर सके।
जूस लेकर लौटा पति तो सामने था दर्दनाक मंजर
अजय ने बताया कि शुक्रवार शाम सब कुछ सामान्य था। पत्नी ने बेटे युवराज के लिए बाजार से मैंगो जूस लाने को कहा। रात करीब आठ बजे जब वह वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर उसने पाया कि पत्नी साड़ी के फंदे से लटकी हुई थी और उसी साड़ी का दूसरा सिरा बेटे युवराज के गले में लिपटा हुआ था।
पति के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर मां-बेटे को नीचे उतारा। दोनों को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना से परिवार और मोहल्ले में शोक
मां और मासूम बेटे की एक साथ मौत से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।