नौगढ़ में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी समेत तीन ट्रैक्टर सीज

 चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम विकास मित्तल के नेतृत्व में छापेमारी कर एक जेसीबी, तीन ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल सीज की गई।
 
 

चंदौली। जनपद के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। सुदूर जंगली क्षेत्र में चल रहे अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर एसडीएम नौगढ़ विकास मित्तल के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार, चक्करघट्टा थाना क्षेत्र के जयमोहनी भुर्तिया गांव के समीप देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर बिना अनुमति मिट्टी खनन का कार्य किया जा रहा था। प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही खनन में संलिप्त लोग मौके से फरार हो गए।

छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से एक जेसीबी मशीन, तीन ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल बरामद की। जांच में पाया गया कि जेसीबी एवं ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी और इन्हीं वाहनों के जरिए रात के समय अवैध खनन का कार्य किया जा रहा था।

प्रशासन ने सभी बरामद वाहनों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार एवं क्षेत्राधिकारी (सीओ) भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

देर रात हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध खननकर्ताओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन द्वारा आगे भी ऐसे अभियानों को जारी रखने की बात कही गई है ताकि अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।