चंदौली में एक ही रात तीन घरों में लाखों की चोरी, बेटी की शादी के गहने भी ले उड़े चोर...
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मारुफपुर चौकी के समीप एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस चौकी से करीब 1500 मीटर की दूरी पर हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। चोर करीब 15 लाख रुपये के गहने, नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार चोरों ने सबसे पहले एक ऐसे परिवार को निशाना बनाया, जहां बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर में शादी के लिए रखे गए सोने-चांदी के गहनों के साथ 50 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए। परिजनों का कहना है कि शादी की खुशियां एक झटके में मातम में बदल गईं।
इसके बाद चोरों ने दूसरे घर में घुसकर सोने के आभूषण, चांदी के बर्तन और अन्य कीमती सामान समेट लिया। वहीं तीसरे सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब लोगों की नींद खुली तो तीनों घरों में बिखरा सामान और टूटे ताले देखकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक टीम और सर्विलांस टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस चौकी इतनी नजदीक होने के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। लोगों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।