मुगलसराय में कंप्यूटर की दुकान में चोरी, सात लैपटॉप समेत सवा लाख का सामान ले उड़े चोर
चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र के मैनाताली स्थित एक कंप्यूटर की दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। चोर दुकान से सात लैपटॉप समेत कंप्यूटर से संबंधित अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
दुकान खोलने पर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद संचालक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है।
मैनाताली में एसके इन्फोटेक नाम से कंप्यूटर की दुकान संचालित करने वाले चंद्रकांत शर्मा के मुताबिक, जब उन्होंने दुकान खोली तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर दुकान में रखे उनके पांच लैपटॉप गायब मिले। इसके अलावा ग्राहकों के दो लैपटॉप भी नहीं थे। इस तरह चोर कुल सात लैपटॉप अपने साथ ले गए।
दुकान संचालक के अनुसार लैपटॉप के अलावा उनकी बैटरियां और कंप्यूटर से संबंधित कुछ अन्य सामान भी चोरी हुआ है। उन्होंने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब सवा लाख रुपये बताई है। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है।
चोरी की जानकारी मिलते ही चंद्रकांत शर्मा ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरी से जुड़े अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है।
दुकान संचालक ने पुलिस से चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने, चोरी गए सामान को बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।