चंदौली में चोरों का तांडव! एक ही रात तीन घरों में 15 लाख की चोरी, बेटी की शादी के गहने भी ले उड़े बदमाश

चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात तीन घरों को निशाना बनाकर करीब 15 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। एक परिवार की बेटी की शादी के लिए रखे गहने भी चोरी हो गए। पुलिस जांच में जुटी है।
 


चंदौली। जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मारुफपुर चौकी इलाके में चोरों ने एक ही रात तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चकिया बिहारी मिश्र और पट्टी गांव में हुई इन वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवारों के अनुसार चोरी में करीब 15 लाख रुपये के आभूषण और नकदी गायब हुई है। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि एक परिवार की बेटी की शादी के लिए वर्षों से जोड़े गए गहने भी चोर अपने साथ ले गए।

 

पहले घर से लाखों के जेवरात चोरी

चकिया बिहारी मिश्र गांव निवासी अमरीश मिश्र के परिवार के लोग गर्मी के कारण छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में घुस गए और अलमारी का ताला तोड़कर तीन सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र और मांगटीका सहित करीब 2.5 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए। सुबह परिवार नीचे उतरा तो घर का सामान बिखरा मिला।

 

बेटी की शादी के गहने भी ले गए चोर

दूसरी वारदात शैलेंद्र चौबे के घर हुई, जहां चोरों ने सबसे बड़ी चोरी को अंजाम दिया। परिवार के अनुसार हाल ही में एक बेटी की शादी हुई थी, जबकि दूसरी बेटी की शादी दिसंबर में तय है। चोर सोने-चांदी के कई आभूषण, 25 हजार रुपये नकद और शादी के लिए रखे जेवर लेकर फरार हो गए।

पीड़ित शैलेंद्र चौबे ने कहा कि बेटी की शादी के लिए जीवनभर की कमाई से गहने बनवाए थे, जो एक ही रात में चोरी हो गए।

सूने घर को भी बनाया निशाना

तीसरी घटना रामअवध चौबे के घर हुई। परिवार के सदस्य वाराणसी के अस्पताल में भर्ती थे और घर बंद था। इसका फायदा उठाकर चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया और मंगलसूत्र, पायल, सोने के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। पड़ोसियों ने सुबह टूटा हुआ दरवाजा देखकर परिवार को सूचना दी।

रात में तीन घरों को बनाया निशाना

ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने रात करीब 12:30 बजे से 3:30 बजे के बीच तीनों घरों में वारदात की। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले रेकी की और उन्हीं घरों को निशाना बनाया, जहां लोग छत पर सो रहे थे या घर खाली था।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने रात में पुलिस गश्त पर भी सवाल उठाए हैं, क्योंकि मारुफपुर पुलिस चौकी घटनास्थल से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है।

बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि तीनों पीड़ितों की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।