चंदौली के युवाओं को योगी सरकार की सौगात, बिना ब्याज मिलेगा ₹5 लाख का बिजनेस लोन

 चंदौली में 1700 युवाओं के लिए खुला रोजगार का रास्ता, मिलेगा ₹5 लाख का लोन
 

चंदौली। जिले के युवाओं को स्वरोजगार और नया व्यवसाय शुरू करने के लिए बड़ी सौगात मिली है। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में चंदौली जिले में 1,700 नई सूक्ष्म इकाइयां स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के तहत पात्र युवाओं को उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में नया व्यवसाय शुरू करने के लिए ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, चंदौली के उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान ने बताया कि योजना का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ प्रदेश में नई सूक्ष्म इकाइयों को बढ़ावा देना है। प्रदेश सरकार ने अगले 10 वर्षों में प्रतिवर्ष एक लाख की दर से कुल 10 लाख नई सूक्ष्म इकाइयां स्थापित करने का लक्ष्य रखा है।

चार साल तक नहीं देना होगा ब्याज

योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को ₹5 लाख तक का ऋण चार वर्षों के लिए पूरी तरह ब्याज मुक्त मिलेगा। इसके अलावा कुल परियोजना लागत का 10 प्रतिशत अतिरिक्त सब्सिडी के रूप में दिए जाने का प्रावधान है। डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक डिजिटल ट्रांजैक्शन पर ₹1 की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी, जो अधिकतम ₹2,000 प्रतिवर्ष तक होगी।

खास बात यह है कि ऋण के लिए युवाओं को किसी प्रकार की जमीन, संपत्ति या गारंटर की आवश्यकता नहीं होगी। योजना के तहत CGTMSE कवरेज का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा, जिससे ऋण को गारंटी-मुक्त बनाने में मदद मिलेगी।

ये युवा कर सकते हैं आवेदन

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना जरूरी है। उसकी आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास निर्धारित की गई है। आवेदक को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं का अंशदान करना होगा।

इसके अलावा आवेदक ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना को छोड़कर केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य योजना के तहत ब्याज अथवा पूंजी सब्सिडी का लाभ न लिया हो।

जिला उद्योग केंद्र में मिलेगी जानकारी

उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान ने इच्छुक युवाओं से योजना का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया और योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए युवा किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, चंदौली में संपर्क कर सकते हैं।

सरकार की इस पहल से जिले में युवाओं के लिए नए व्यवसाय शुरू करने के अवसर बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी गति मिलने की उम्मीद है।