वेद पाठशाला नरौली में प्रशिक्षण महाअभियान का दूसरा दिन, संगठन सुदृढ़ीकरण पर रहा फोकस

 

चन्दौली। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत वेद पाठशाला नरौली में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा दिन गुरुवार को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में धानापुर पश्चिमी मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

दूसरे दिन आयोजित दोपहर सत्र में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं, जिनके समर्पण, अनुशासन और मेहनत से संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं-जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन और विधवा पेंशन-की उपलब्धियों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सीधा लाभ पहुंच रहा है, जो सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कार्यक्रम की शुरुआत में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह एवं मंडल अध्यक्ष रमेश द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आगामी चुनावी और सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर सक्रियता, जनसंपर्क और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आगामी अभियानों के लिए तैयार किया गया।

इस दौरान आशुतोष सिंह, लक्ष्मण सिंह, ज्ञानप्रकाश सिंह, राणा सिंह, कमलकांत मिश्रा, हृदय नारायण तिवारी, श्याम लाल वर्मन, गोपाल बिंद, विमल सिंह, मनीष सिंह, सत्यवान मौर्य, अनंत कुमार, अंशु सिंह, अन्नु सिंह, रमेश यादव बबलू सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं नरौली क्षेत्र के बड़ी संख्या में स्थानीय श्रोताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।