बूथ से घरों तक चलेगी पोलियो की मुहिम, चंदौली में स्वास्थ्य विभाग ने झोंकी ताकत

976 बूथों के साथ 38 ट्रांजिट और 18 मोबाइल टीमें तैनात, सोमवार से घर-घर जाकर बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
 

चंदौली। जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने और बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार, 22 नवंबर को पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र, चंदौली में जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने शिशुओं को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। जिले में इस अभियान के तहत पांच वर्ष तक के कुल 3,07,618 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में कुल 976 बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 38 ट्रांजिट टीमें और 18 मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं, ताकि कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रह जाए। बूथ दिवस के बाद सोमवार से शुक्रवार तक स्वास्थ्य विभाग की 616 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अधिक से अधिक बच्चों को बूथ पर ही दवा पिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान देने को कहा, जहां कुछ परिवार अपने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने से इनकार करते हैं। ऐसे परिवारों को जागरूक कर बच्चों को दवा पिलाने के लिए स्वास्थ्य टीमें विशेष प्रयास करेंगी।

नियामताबाद ब्लॉक के दुलहीपुर, रेमा और नई बस्ती सहित अन्य क्षेत्रों को विशेष निगरानी में रखा गया है। इन इलाकों में प्रतिरोधी परिवारों तक पहुंचने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रधानों का सहयोग लेने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जागरूकता के माध्यम से अभियान को प्रभावी बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए जनपद स्तर पर अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ तथा ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर बूथों की सक्रियता और टीकाकरण कार्य का जायजा लेंगे। इसके साथ ही जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है, जो बूथ और घर-घर जाकर चलाए जाने वाले अभियान की निगरानी करेंगे।

सभी पर्यवेक्षकों को प्रतिदिन शाम को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आयोजित फीडबैक बैठक में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। अभियान में बायोवैलेन्ट वैक्सीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पहले ही आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।