माधोपुर में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, पहले दिन उमड़े श्रद्धालु

कथावाचिका पंडित गौरांगी गौरी ने बताया भागवत श्रवण का महत्व, कहा- सद्कर्म और भक्ति से मिलता है मोक्ष का मार्ग
 

चंदौली। माधोपुर गांव में गुरुवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित कथा के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से कथा पंडाल गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के आवास पर आयोजित ब्राह्मण भोज से हुआ। इस दौरान पूर्व विधायक ने सपरिवार ब्राह्मणों को भोजन कराया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय रामअवध सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके उपरांत कथा पंडाल में कथावाचिका पंडित गौरांगी गौरी ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया। कथा के प्रथम दिन उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, संस्कार और सदाचार का महत्व बताया।

पंडित गौरांगी गौरी ने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शन है। भागवत कथा के श्रवण से मनुष्य के भीतर सकारात्मक विचारों का संचार होता है और उसे सद्कर्म करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि आंखों से अच्छा देखना, कानों से अच्छी बातें सुनना और मन-मस्तिष्क में सद्विचार रखना ही सार्थक जीवन का आधार है। सच्चे मन से भागवत कथा का श्रवण करने वाला व्यक्ति अपनी बुराइयों का त्याग कर सद्मार्ग पर आगे बढ़ता है। भगवान की भक्ति और कृपा से जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति यानी मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।

कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन नजर आए। बीच-बीच में श्रीकृष्ण के जयकारों से पंडाल गूंजता रहा। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू भी अपने परिवार के साथ कथा में शामिल हुए और श्रद्धालुओं के बीच बैठकर कथा का श्रवण किया। इस दौरान कथावाचिका ने उनकी पुत्री को आशीर्वाद भी प्रदान किया।

कार्यक्रम में एमएलसी विनीत सिंह, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, उपेंद्र सिंह गुड्डू, रामजन्म यादव, इमरान खान, अनुज सिंह, अमित सिंह, नागेंद्र सिंह, रमेश यादव समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।