रोटावेटर हादसे में युवक की मौत ने लिया नया मोड़, भाई ने लगाया हत्या का आरोप, ट्रैक्टर मालिक-चालक पर केस दर्ज

 

चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के नौली गांव में खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आकर युवक की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पहले इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन अब मृतक के परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए ट्रैक्टर चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना बीते सोमवार शाम करीब 6:30 बजे नौली गांव के उत्तर दिशा स्थित खेत में हुई थी। तोरवा गांव निवासी स्वर्गीय शमशेर सिंह के 30 वर्षीय पुत्र नीलेश सिंह खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पर बैठे थे। ट्रैक्टर नौली गांव निवासी दीपक सिंह 'मटरू' का था, जिसे तोरवा गांव निवासी हरिमोहन सिंह चला रहे थे। इसी दौरान नीलेश सिंह ट्रैक्टर से नीचे गिर गए और पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के बड़े भाई नीरज सिंह ने ट्रैक्टर चालक हरिमोहन सिंह पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि चालक ने जानबूझकर नीलेश सिंह को ट्रैक्टर से धक्का देकर नीचे गिराया, जिसके कारण उनकी मौत हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के पीछे पुराना विवाद कारण हो सकता है।

परिजनों की शिकायत पर धानापुर पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक दीपक सिंह पुत्र शिवशंकर सिंह निवासी नौली और चालक हरिमोहन सिंह निवासी तोरवा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नीलेश सिंह अपने परिवार में तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके दोनों बड़े भाई बाहर रहकर नौकरी करते हैं, जबकि नीलेश गांव में रहकर खेती-बाड़ी का कार्य संभालते थे। परिवार में कुछ महीने पहले ही दूसरे भाई की शादी हुई थी और अब इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी में खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर से गिरकर रोटावेटर की चपेट में आने की बात सामने आई थी, लेकिन अब परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।