गायों से भरी पिकअप को थाने ले जाने का मामला पहुंचा एसपी दरबार

ककरैत तिराहे पर पुलिस कार्रवाई पर सवाल, संजय सिंह ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
 

चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र में गायों को लेकर जा रही एक पिकअप को रोकने और वाहन सवार लोगों से कथित तौर पर पैसे मांगने का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रार्थी संजय सिंह ने पुलिस अधीक्षक चंदौली को प्रार्थना पत्र देकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थी के अनुसार, 13 नवंबर की रात ककरैत तिराहे के पास पुलिसकर्मियों ने गायों को लेकर जा रही पिकअप को रोक लिया। आरोप है कि वाहन से संबंधित प्रमाणपत्र लेने के बाद पुलिसकर्मियों ने वाहन सवार लोगों से पैसे की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर वाहन में सवार लोगों को कथित तौर पर पुलिस की गाड़ी में बैठा लिया गया।

संजय सिंह ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि इस दौरान पिकअप को जांच बैरियर में पांच से छह बार टक्कर मारी गई। इसके बाद पिकअप और उसमें मौजूद गायों को कंदवा थाने ले जाया गया। प्रार्थी के मुताबिक, थाने में रहने के दौरान एक गाय ने बछड़े को जन्म दिया।

आरोप है कि इस मामले में प्रार्थी के पिता सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया। संजय सिंह का कहना है कि पूरे प्रकरण में निर्दोष लोगों को फंसाया गया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

मामले को लेकर सीओ सदर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला कंदवा थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।