चंदौली में चोरों का आतंक! एक हफ्ते में कई घरों और मंदिरों में चोरी, लाखों के जेवरात व नकदी पार

 

चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले एक सप्ताह के भीतर इलाके में कई चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं। चोरों ने घरों के साथ-साथ मंदिरों को भी निशाना बनाया है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।

ताजा मामला भदाहु गांव का है, जहां देर रात लेखपाल राजेश पाल के घर को चोरों ने निशाना बनाया। इससे पहले आवाजापुर गांव में धर्मेंद्र सिंह उर्फ मलिंगा के नए मकान में चोरी की वारदात हुई थी। बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए और अलमारी व बक्से तोड़कर नकदी और लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए।

पीड़ित पक्ष के मुताबिक चोरी गए सामान में सोने की चेन, दो जोड़ी झुमके, बाली और तीन अंगूठियों के अलावा चांदी के सिक्के, गिलास, चम्मच, कटोरी, थाली और अन्य सामान शामिल हैं। चोर करीब 10 हजार रुपये नकद भी ले गए। चोरी हुए आभूषणों की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वारदात के दौरान धर्मेंद्र सिंह की माता किरन सिंह पर कथित तौर पर नींद का स्प्रे किया गया था। वहीं, करीब एक महीने पहले देवी मां के मंदिर में भी चोरी की घटना सामने आई थी। इसके अलावा बिरना गांव में भानु मौर्य के घर भी चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

चोरों ने मंदिरों को भी नहीं छोड़ा। ब्लॉक मुख्यालय के पास स्थित हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी होने की बात सामने आई है। वहीं नरौली स्थित काली मंदिर से करीब 20 किलो वजनी घंटा और चांदी की आंखें चोरी होने की जानकारी सामने आई है।

लगातार घरों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से धानापुर क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से चोरियों के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लोगों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।