सैयदराजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹50 हजार का इनामी आरोपी चंडीगढ़ से गिरफ्तार
चंदौली। सैयदराजा थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम और धोखाधड़ी के मामले में वर्ष 2022 से फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज था और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कपिल देव वर्मा उर्फ कपिल वर्मा करवल पुत्र गुरुबचनदास, निवासी मकान संख्या 168/4, कझेरी, सेक्टर-52, थाना सेक्टर-36, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना सैयदराजा में मुकदमा अपराध संख्या 192/2022 के तहत धारा 60, 63, 72 आबकारी अधिनियम तथा धारा 419, 420, 467, 468 और 471 में मुकदमा दर्ज है।
मामला वर्ष 2022 का है। पुलिस, आबकारी विभाग और जीएसटी सचल दल की संयुक्त टीम ने सैयदराजा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी से संबंधित वाहन संख्या PB11AX9295 वाले ट्रक से 450 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की थी। बरामद शराब की मात्रा करीब 4010 लीटर बताई गई थी। कार्रवाई के दौरान कूटरचित दस्तावेज भी बरामद हुए थे।
पुलिस के मुताबिक, मामले में कार्रवाई के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने सुरागरसी के आधार पर चंडीगढ़ में उसके ठिकाने की जानकारी जुटाई और स्थानीय पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना काकोरी, जिला लखनऊ पश्चिमी में भी वर्ष 2025 में आबकारी अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र, उप निरीक्षक रामकुमार दुबे और आरक्षी गोविन्द मिश्रा शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।