सैयदराजा क्षेत्र को मिली 6 नई रोडवेज बसों की सौगात, नौबतपुर बॉर्डर से हुआ शुभारंभ
बताया गया कि नई बसों का संचालन अलग-अलग रूटों पर किया जाएगा। एक बस नौबतपुर से सैयदराजा होते हुए पड़ाव तक जाएगी। दूसरी बस सैयदराजा से पड़ाव तक संचालित होगी। वहीं तीसरी बस जमानिया से सैयदराजा होते हुए पड़ाव तक जाएगी। इसके अलावा कुछ बसें नगवा व महूजी से धानापुर, सकलडीहा और अलीनगर होते हुए पड़ाव तक चलेंगी। इससे ग्रामीण और सीमावर्ती इलाकों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
नई बस सेवा शुरू होने से छात्रों, मजदूरों, व्यापारियों एवं दैनिक यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। लंबे समय से क्षेत्रीय लोग बेहतर रोडवेज सुविधा की मांग कर रहे थे, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।
इस अवसर पर मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि नई बस सेवा से यूपी-बिहार सीमा क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा लोगों का समय और खर्च दोनों बचेगा।
कार्यक्रम के दौरान सुशील सिंह ने कहा कि नई रोडवेज बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र की जनता को काफी फायदा मिलेगा। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ और सुगम यात्रा की सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार आमजन की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।