मद्धुपुर वृद्धाश्रम में डीएम का औचक निरीक्षण, हर सप्ताह होगी बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच
चंदौली। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने सोमवार को मद्धुपुर स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से बातचीत कर भोजन, दवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम वृद्धजनों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कर रही थी। जिलाधिकारी ने बुजुर्गों से स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ भोजन की गुणवत्ता और समय से दवाएं मिलने के संबंध में जानकारी ली। बुजुर्गों ने उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने वृद्धाश्रम के शयन कक्ष, रसोईघर और परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं को भी देखा।
जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि वृद्धजनों की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम से अब हर सप्ताह वृद्धाश्रम में बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को समय पर उपचार, दवाएं और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।