ग्राम प्रधान का दावा! 5 साल में बदली सुल्तानपुर की तस्वीर, सड़क, शिक्षा और विकास कार्यों पर खुलकर बोले
चंदौली। चंदौली जनपद के सदर विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा सुल्तानपुर में लाइव भारत न्यूज़ के जिला संवाददाता चंदन सिंह ने ग्राम प्रधान संजय पांडेय से उनके पांच वर्षीय कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों और ग्राम पंचायत की उपलब्धियों पर विशेष बातचीत की। इस दौरान प्रधान ने गांव में हुए विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, शिक्षा, कृषि और पंचायत की भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।
30 लाख रुपये से कराए गए विकास कार्य
ग्राम प्रधान संजय पांडेय ने बताया कि उनके कार्यकाल में केंद्रीय वित्त एवं राज्य वित्त आयोग से ग्राम पंचायत को लगभग 30 लाख रुपये का बजट प्राप्त हुआ। इस धनराशि से सड़क, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया।
उन्होंने बताया कि ग्राम सभा की आबादी करीब 1700, कुल मतदाता लगभग 1200 तथा गांव की साक्षरता दर 76 प्रतिशत है। अधिकांश ग्रामीण कृषि, व्यापार, निजी क्षेत्र और सरकारी सेवाओं से जुड़े हुए हैं।
तीन पुराने विवादित रास्तों का हुआ समाधान
प्रधान ने बताया कि वर्षों से विवादित तीन रास्तों की समस्या का समाधान चकिया विधायक कैलाश खरवार (आचार्य) के सहयोग से कराया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।
उन्होंने यह भी बताया कि गांव के कई युवा सीआरपीएफ, आईटीबीपी, भारतीय सेना तथा राजस्व विभाग में सेवाएं दे रहे हैं, जो ग्राम सभा के लिए गौरव की बात है।
सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
पंचायत सहायक आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि ग्राम पंचायत के माध्यम से आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड, आय, जाति एवं परिवार रजिस्टर सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
ग्राम पंचायत सचिव प्रशांत कुमार नियमित बैठकों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ विकास कार्यों की समीक्षा भी करते हैं।
सिंचाई और शिक्षा व्यवस्था बेहतर
प्रधान के अनुसार गांव की लगभग 250 बीघा कृषि भूमि की सिंचाई का मुख्य साधन नहर है। टेल तक पानी पहुंचने से किसानों को सिंचाई में अधिक परेशानी नहीं होती।
गांव के कम्पोजिट विद्यालय में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की शिक्षा उपलब्ध है। विद्यालय में 13 शिक्षक कार्यरत हैं तथा डेस्क-बेंच, बाउंड्री वॉल, टाइल्स और मिड-डे मील जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय की व्यवस्थाओं की वह स्वयं समय-समय पर समीक्षा करते हैं।
मिनी सचिवालय का निर्माण अभी बाकी
प्रधान ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की मिनी सचिवालय योजना का निर्माण अभी तक नहीं हो सका है। फिलहाल पंचायत से जुड़े सभी प्रशासनिक कार्य उनके आवास से संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ग्रामीणों के सहयोग से ग्राम सभा के समग्र विकास के लिए और अधिक योजनाओं पर कार्य किया जाएगा।