चंदौली में स्कूल वाहनों पर सख्ती, 35 का चालान और 20 वाहन सीज
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर जनपद में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। मिशन सेफ के अंतर्गत स्कूल एवं कॉलेजों में संचालित वाहनों की गहन जांच की जा रही है।
अभियान के दौरान वाहनों की फिटनेस, आवश्यक सुरक्षा मानकों, दस्तावेजों तथा अन्य तकनीकी पहलुओं का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधन से सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर शपथ पत्र भी लिया जा रहा है। वाहन चालकों का फीडबैक लेकर उनके व्यवहार, अनुभव तथा सुरक्षा संबंधी जानकारी का भी मूल्यांकन किया जा रहा है।
अभियान के तहत परिवहन विभाग ने अब तक नियमों का उल्लंघन करने वाले 35 वाहनों का चालान किया है, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 20 वाहनों को सीज कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान 15 जुलाई तक लगातार जारी रहेगा। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा सभी शिक्षण संस्थानों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।