छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे सामाजिक संगठन, नारियल-दूध और चाय का किया वितरण
चंदौली। डाला छठ महापर्व के अवसर पर नगर स्थित साव जी के पोखरे पर सामाजिक सहयोग और सेवा भावना की मिसाल देखने को मिली। पर्व के दौरान घाट पर पहुंचे व्रती महिलाओं, श्रद्धालुओं और सुरक्षा व्यवस्था में लगे कर्मियों की सुविधा के लिए संयुक्त रूप से सेवा शिविर लगाया गया। इसमें पूजा-अर्चना के लिए आवश्यक सामग्री के साथ खानपान की व्यवस्था भी की गई।
जन सहयोग संस्थान, विनायक फाउंडेशन ट्रस्ट और साहू परिवार की ओर से आयोजित इस शिविर में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को निशुल्क नारियल, अर्घ्य के लिए दूध, चाय और चॉकलेट वितरित की गई। छठ घाट पर व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों तथा स्काउट-गाइड के बच्चों को भी सेवा शिविर के माध्यम से सामग्री उपलब्ध कराई गई।
श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ उनके स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा गया। इसके लिए आरडी मेमोरियल हॉस्पिटल, चंदौली की ओर से शिविर में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की व्यवस्था की गई थी, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
इस मौके पर जन सहयोग संस्थान के अध्यक्ष अजीत सोनी और विनायक फाउंडेशन ट्रस्ट के सचिव संदीप कुमार वर्मा ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और सूर्य उपासना के साथ त्याग, तपस्या, स्वच्छता और अनुशासन का संदेश देता है। इस पर्व पर घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधाओं का ध्यान रखना और जरूरत के समय सहयोग करना सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सेवा शिविर के आयोजन का उद्देश्य लोगों के बीच आपसी सहयोग, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की भावना को मजबूत करना है।
दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने आगे भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही। सेवा शिविर के संचालन में अजीत सोनी, संदीप कुमार वर्मा, आनंद गुप्ता, जय प्रकाश गुप्ता, संदीप सेठ, रंजीत सोनी, शुभम गुप्ता, आशीष यादव, सूरज गुप्ता, उर्जित, अर्जित, दिनेश यादव और मृत्युंजय मौर्य सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।