चंदौली में 1.260 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, बलुआ पुलिस की चेकिंग में मिली बड़ी सफलता

 चंदौली के बलुआ थाना पुलिस ने सराय रसूलपुर चौराहे से 1.260 किलो अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
 

चंदौली। जिले के बलुआ थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.260 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में बलुआ पुलिस टीम 31 जुलाई 2026 को सराय रसूलपुर चौराहे पर चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 1 किलो 260 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि सिंह पुत्र जमुना सिंह निवासी हुदहुदीपुर, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और आर्थिक लाभ कमाने के लिए गांजा लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था।

बरामदगी के आधार पर थाना बलुआ में मुकदमा संख्या 220/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक रविकांत चौहान, कांस्टेबल अल्ताफ अहमद, शिशिर यादव, कृष्ण कुमार यादव और रमेश चौहान शामिल रहे।