चंदौली के नौगढ़ में महज 800 रुपये के विवाद में चली गोली, युवक घायल नौगढ़ में मचा हड़कंप...

चंदौली के नौगढ़ में ₹800 के लेनदेन को लेकर विवाद के बाद फायरिंग हुई। गोली लगने से युवक घायल हो गया। पुलिस ने दो टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
 

चंदौली। नौगढ़ थाना क्षेत्र के मझगांवा गांव के पास शुक्रवार को महज ₹800 के लेनदेन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर फायरिंग कर दी गई। गोली युवक के हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

 

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार मोबाइल के ₹800 बकाया को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। आरोप है कि शुक्रवार को रास्ते में कुछ मनबढ़ युवकों ने पहले युवक की बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद पिस्टल के बल पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।

बताया जा रहा है कि इस दौरान वहां मौजूद अन्य युवकों ने भी युवक के साथ मारपीट की। इसी बीच मुख्य आरोपी विकास ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के हाथ में जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

फायरिंग की सूचना मिलते ही नौगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल भेजा। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ₹800 के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है, जो बाद में फायरिंग तक पहुंच गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।